दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। भोपाल रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन से एक युवक को धक्का दिए जाने का रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सामने आया है। यह घटना बुधवार, 19 जून की है जब 22538 छत्रपति शिवाजी टर्मिनल से गोरखपुर की ओर जाने वाली कुशीनगर एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर पहुंची थी। पांच मिनट रुकने के बाद जब ट्रेन रवाना हुई, तब जनरल कोच में सीट को लेकर हुए विवाद के चलते एक युवक ने दूसरे को धक्का दे दिया।यह घटना बुधवार दोपहर करीब 2 बजे की है। कुशीनगर एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म पर आते ही दो युवकों के बीच सीट को लेकर झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान एक युवक ने दूसरे को चलती ट्रेन से नीचे धकेल दिया। सौभाग्य से, इस घटना में पीड़ित युवक को कोई चोट नहीं आई।
आरपीएफ कमांडेंट प्रशांत यादव ने बताया कि युवक नर्मदापुरम से विदिशा जाने के लिए कुशीनगर एक्सप्रेस में चढ़ा था। सीट को लेकर किसी अन्य युवक से विवाद हुआ और उसी विवाद के दौरान उसे चलती ट्रेन से धक्का दे दिया गया। पीड़ित युवक ने एफआईआर दर्ज कराने से मना कर दिया और वह दूसरी ट्रेन से विदिशा चला गया। आरपीएफ सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी युवक की तलाश कर रही है।
