दैनिक सांध्य बन्धु नई दिल्ली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। सीएम ने प्रधानमंत्री मोदी को तीसरी बार के कार्यकाल के लिए बधाई दी और मप्र में चल रही प्रमुख नदी-जोड़ो परियोजनाओं केन-बेतवा और पार्वती-कालीसिंध-चंबल की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी। सीएम यादव ने प्रधानमंत्री को केन-बेतवा परियोजना के भूमिपूजन के लिए समय देने का अनुरोध भी किया।
मुख्यमंत्री यादव ने प्रधानमंत्री को प्रदेश में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जल-गंगा अभियान के तहत प्रदेश के कुएं, बावड़ियां, नदियां, तालाब, और झीलों पर जनजागृति अभियान चलाया जा रहा है। प्रदेश की जनता के उत्साह को देखते हुए इस अभियान की समय-सीमा 30 जून तक बढ़ाई गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री मोदी को प्रदेश में चल रहे सिकल सेल उन्मूलन कार्यक्रम की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के नेतृत्व में डिंडोरी जिले में विश्व सिकल सेल दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। सीएम यादव ने बताया कि राज्य सरकार "रक्त विकार" की इस गंभीर बीमारी के उन्मूलन के लिए प्रतिबद्ध है।
