Jabalpur News: मानसून में वन्य जीवों का बढ़ता खतरा, घरों तक पहुंचे सांप और गोह

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मानसून के मौसम में वर्षा, धूप और उमस से न केवल इंसान परेशान हैं, बल्कि वन्य जीव भी अपने बिलों से बाहर निकलने लगे हैं। बुधवार को दो अलग-अलग क्षेत्रों में एक आठ फीट लंबा सांप और तीन फीट लंबी गोह घरों में घुस गए, जिससे लोगों में हड़कंप मच गया। स्वजनों ने तुरंत सर्पमित्र गजेंद्र दुबे को सूचना दी। सर्पमित्र ने मौके पर पहुंचकर दोनों जीवों को सुरक्षित तरीके से पकड़कर जंगल में छोड़ दिया।

शास्त्री नगर में आठ फीट लंबा सांप

सर्पमित्र दुबे ने बताया कि तिलवारा थानांतर्गत शास्त्री नगर के सामने बजरंग नगर निवासी ज्योति सेन के घर में दोपहर 3:30 बजे एक आठ फीट लंबा सांप पूजन कक्ष में बैठा था। सांप को देखकर स्वजनों में दहशत फैल गई। दुबे ने बताया कि पकड़ा गया सांप धामन प्रजाति का था, जो जहरीला नहीं होता। सांप को पकड़कर सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया।


बड़ा पत्थर में घर में घुसी गोह

दूसरी घटना बड़ा पत्थर क्षेत्र की है, जहां अनिल चक्रवर्ती के घर में तीन फीट लंबी गोह घुस गई थी। सर्पमित्र ने बताया कि मादा गोह को बरगी के जंगल में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया। गोह को मॉनिटर लिजार्ड भी कहा जाता है, जो वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के अंतर्गत विशेष संरक्षण प्राप्त वन्य प्राणी है। इसका अनाधिकृत रूप से पकड़ना या मारना दंडनीय अपराध है।

सर्पमित्र दुबे ने बताया कि प्रकृति के संरक्षण में इन जीवों का विशेष योगदान होता है। मानसून के मौसम में इन घटनाओं का बढ़ना सामान्य है, लेकिन लोगों को सजग रहना चाहिए और ऐसी स्थिति में तुरंत विशेषज्ञों को सूचना देनी चाहिए।

Post a Comment

Previous Post Next Post