Jabalpur News: रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के आवास में बाथरूम की सीलिंग गिरी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के आवास क्रमांक 15 में आज सुबह उस समय भगदड़ मच गई जब बाथरूम की सीलिंग अचानक भरभरा कर गिर गई। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन थोड़ी सी चूक से बड़ा हादसा हो सकता था।

जानकारी के अनुसार, आवास क्रमांक 15 में रहने वाले रजनीश कुमार त्रिपाठी सुबह लगभग 9.30 बजे स्नान कर रहे थे। उसी समय बाथरूम की सीलिंग अचानक गिर गई। रजनीश कुमार त्रिपाठी को समझने का मौका भी नहीं मिला और उनका पैर फिसल गया, जिससे वह बाथरूम में गिर गए। 

कर्मचारी का कहना है कि आवास की जर्जर हालत के संबंध में विश्वविद्यालय के जिम्मेदार अधिकारियों को अनेक बार अवगत कराया गया था। बावजूद इसके, आवास की मरम्मत नहीं कराई गई। आज की घटना में जान भी जा सकती थी, लेकिन विश्वविद्यालय के अधिकारियों का इस ओर कोई ध्यान नहीं है।

कर्मचारी ने कुल सचिव को एक आवेदन दिया है, जिसमें पूरी घटना का विवरण देते हुए आवास की तुरंत मरम्मत कराने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post