दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। गोविंदपुरा क्षेत्र में शुक्रवार रात एक सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद हालात बेकाबू हो गए। हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने सिटी हॉस्पिटल में जमकर तोड़फोड़ और मारपीट की। यह घटना शांति निकेतन तिराहे के पास हुई, जहां एक कार की टक्कर से युवक की मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद परिजनों और उनके साथ मौजूद भीड़ ने उग्र होकर अस्पताल में पथराव और स्टाफ के साथ मारपीट शुरू कर दी।
इस दौरान, हॉस्पिटल डायरेक्टर के बेटे ने हवाई फायरिंग कर दी। पुलिस ने घटना के संबंध में कार चला रहे नाबालिग के खिलाफ केस दर्ज किया, हालांकि हिट एंड रन का केस नहीं बना है। वहीं, अस्पताल में हुई तोड़फोड़ के मामले में भी एफआईआर दर्ज की गई है।
शनिवार सुबह परिजनों और स्थानीय लोगों ने सिटी हॉस्पिटल के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया और पुलिस से अस्पताल को सील करने की मांग की। पुलिस के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया और शव को लेकर नरसिंहगढ़ रवाना हो गए।
