दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर महिला थाना पुलिस ने बस स्टैंड चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर (एसआई) नितिन पांडे और उनके परिवार के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया है। यह मामला एसआई की पत्नी प्राची पांडे, जो कि पूर्व भाजपा विधायक प्रभात पांडे की भांजी हैं, की शिकायत पर दर्ज किया गया है।
शिकायत के अनुसार, प्राची पांडे की शादी दिसंबर 2016 में नितिन पांडे से हुई थी, लेकिन शादी के बाद से ही प्राची को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। दहेज में एक लग्जरी कार की मांग की जा रही थी और इसको लेकर प्राची के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया। प्राची ने बताया कि उनके परिवार ने पहले भी कई बार दहेज की मांग पूरी की थी, लेकिन फिर भी उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा।
स्थिति बिगड़ने पर, प्राची ने महिला थाना पुलिस में एसआई नितिन पांडे, उनके पिता रिटायर्ड टीआई नंदकिशोर पांडे, मां सीमा पांडे, और छोटे भाई सुमित पांडे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। प्राची ने पुलिस को यह भी बताया कि ससुराल में उसका अपमान किया गया और जब उसके देवर की शादी 2023 में हुई, तो उसे शादी से बेइज्जत कर भगा दिया गया।
प्राची के अनुसार, एसआई नितिन पांडे ने उसके खिलाफ कोर्ट में मामला दर्ज किया था, लेकिन प्राची ने कोर्ट में बताया कि वह अपने पति के साथ रहना चाहती है, बावजूद इसके उसे परेशान किया जा रहा था। मार्च 2024 में नितिन ने कोर्ट से अपना मामला वापस ले लिया था, लेकिन प्राची को फिर भी दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसआई नितिन पांडे वर्तमान में जबलपुर बस स्टैंड चौकी प्रभारी के पद पर तैनात हैं।
