दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। लगातार बारिश और पानी के रिसाव के कारण जबलपुर मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन वार्ड-15 की छत का एक हिस्सा सोमवार को गिर गया। इस घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। लंबे समय से वार्ड में छत से पानी का रिसाव हो रहा था, जिसके चलते छत का प्लास्टर और फाल सीलिंग का एक हिस्सा टूटकर गिर गया। इस दुर्घटना से वार्ड में मौजूद ड्यूटी डॉक्टर और मरीजों में घबराहट फैल गई।
मेडिकल कॉलेज के ऊपरी तल पर स्थित इस वार्ड के साथ-साथ अन्य वार्डों में भी पानी के रिसाव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। हालांकि, कॉलेज प्रबंधन ने लोक निर्माण विभाग (PWD) को पत्र भेजकर छत और फाल सीलिंग की मरम्मत के लिए कहा है, लेकिन अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है।
गौरतलब है कि पहले भी वार्ड 16 और 18 की फाल सीलिंग हटा दी गई थी, जिससे मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। लेकिन बार-बार की चेतावनियों के बावजूद मरम्मत का काम न होने के कारण यहां दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक, डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि जिस स्थान पर प्लास्टर गिरा, वहां मरीजों को नहीं रखा जाता है और इसका उपयोग ड्यूटी डॉक्टर द्वारा किया जाता है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को इस समस्या के समाधान के लिए पुनः पत्र भेजा है।
