Jabalpur News: सिविल लाइन थाना पुलिस ने मोबाइल, पर्स और मोटर साइकिल छीनने वाले दोनों लुटेरों को किया गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना सिविल लाइन के अंतर्गत मोबाइल, पर्स और मोटर साइकिल छीनने वाले दोनों लुटेरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने छीनी हुई मोटर साइकिल, मोबाइल, घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल और चाकू भी जप्त कर लिए हैं। 

थाना सिविल लाइन में दर्ज अपराध क्रमांक 224/24 के तहत धारा 309(6), 3(5) बीएनएस और 25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:

1. क्षितिज प्रताप (उम्र 19 वर्ष) निवासी छोटी पिहरी, पुलिस चौकी बिलिया बाग, बनारस; हाल निवासी डॉ. जेठी के सामने, घमापुर।

2. साहिल उर्फ अज्जू डेनियल (उम्र 22 वर्ष) निवासी सीएमएस कम्पाउंड, बेलबाग।

दिनांक 30-7-24 की रात अरुण बाथरे (उम्र 24 वर्ष), निवासी शांतिनगर केन्द्रीय विद्यालय रोड लकटुआ, बरगी कॉलोनी के पास मरघटा रोड, कोतवाली, जिला नरसिंहपुर, ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह एमए सोशलॉजी का द्वितीय वर्ष का छात्र है और देवेंद्र छात्रावास, सिविल लाइन में रहता है। घटना की रात वह रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर 6 के बाहर मेट्रो बस स्टॉप के पास खड़ा होकर बीयर पी रहा था जब दो अज्ञात लुटेरों ने उस पर हमला कर उसकी मोटर साइकिल, मोबाइल और पर्स छीन लिया।

थाना प्रभारी सिविल लाइन, धीरज राज के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। 

जांच के दौरान साहिल उर्फ अज्जू डेनियल से छीनी हुई मोटर साइकिल, सैमसंग मोबाइल, और घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। क्षितिज प्रताप से घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल और पेचकस भी जप्त किया गया। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post