दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र के करोंदा नाला रेलवे लाइन पर बीती रात 40 वर्षीय युवक भारत कोल की छत-विछत लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पुरानी बस्ती खैरी निवासी भारत कोल के रूप में हुई है। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के दिन भारत कोल का नई बस्ती खेरी निवासी छोटू कुशवाहा और निक्की ठाकुर के साथ जुआ खेलने को लेकर विवाद हुआ था। रात में तीनों एक साथ घूमने निकले थे, लेकिन जब भारत कोल काफी समय तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने चिंता जताते हुए पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने खोजबीन शुरू की, लेकिन इसी बीच रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना मिली।
परिजनों ने इस घटना को हत्या करार देते हुए छोटू कुशवाहा और निक्की ठाकुर पर संदेह जताया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और दोनों संदिग्धों को थाने लाकर उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
