दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। पुरानी छावनी थाना पुलिस ने मुरैना की ओर से आ रहे दूधिया गिरोह के एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एबी रोड पर चेकिंग के दौरान आरोपी को पकड़ा। उसके पास से कट्टा, दो जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद की गई है।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान योगेंद्र यादव के रूप में हुई है, जो दूधिया गिरोह के सरगना राहुल दूधिया का भाई है। पुलिस के मुताबिक, योगेंद्र पर एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
सीएसपी महाराजपुरा, नागेंद्र सिंह सिकरवार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश मुरैना के रास्ते शहर में घुसने वाले हैं। इसी आधार पर थाना प्रभारी पुरानी छावनी, विनय सिंह तोमर को एबी रोड पर चेकिंग पॉइंट बनाने के निर्देश दिए गए थे।
चेकिंग के दौरान, पुलिस को एक बाइक सवार संदिग्ध नजर आया जो पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने उसे पकड़ लिया और तलाशी लेने पर उसके पास से कट्टा और दो जिंदा राउंड बरामद हुए। आरोपी के पास बाइक के दस्तावेज भी नहीं मिले।
एसपी धर्मवीर सिंह के अनुसार, पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह किस वारदात को अंजाम देने के लिए शहर में दाखिल हो रहा था और उसके अन्य साथियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
