दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज के ईएनटी विभाग ने एक जटिल ऑपरेशन के माध्यम से 12 साल के बच्चे की जान बचाई। भुवनेश्वर प्रसाद नामक छात्र ने तीन माह पहले स्कूल में खेल-खेल में पेपर पिन निगल लिया था, जो धीरे-धीरे उसकी सांस नली को फाड़ते हुए हार्ट तक पहुंच गई थी।
भुवनेश्वर के माता-पिता ने कई डॉक्टरों से इलाज करवाया, लेकिन दर्द की समस्या बनी रही। अंततः 9 अगस्त को उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। ईएनटी विभाग की प्रमुख, डॉक्टर कविता सचदेवा और उनकी टीम ने एक्स-रे में देखा कि एक दो इंच लंबी पेपर पिन बच्चे की सांस नली को फाड़ते हुए हार्ट तक पहुंच रही थी। इसके बाद डॉक्टरों ने तुरंत ऑपरेशन की योजना बनाई।
ऑपरेशन के दौरान, ईएनटी विभाग की टीम ने पेपर पिन को सफलतापूर्वक निकालने के लिए हार्ट स्पेशलिस्ट को भी शामिल किया। डॉक्टर कविता सचदेवा ने बताया कि पिन की स्थिति को देखते हुए हार्ट स्पेशलिस्ट डॉक्टर निमेष को ऑपरेशन के दौरान सहायता के लिए बुलाया गया था।
ऑपरेशन के बाद भुवनेश्वर पूरी तरह से स्वस्थ है और उसकी जान बचाई गई है। डॉक्टरों की इस सफल सर्जरी ने एक बार फिर उनकी विशेषज्ञता और दक्षता को साबित किया है।
.png)