MP News: हिस्ट्रीशीटर को संदिग्ध हालात में गोली लगी, पुलिस जांच में कई सवाल

दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। सोमवार रात को मुरैना के एक हिस्ट्रीशीटर, मोनू उर्फ जयभान सिंह रावत को संदिग्ध हालात में गोली लग गई। घटना फूलबाग प्रेस क्लब के पास की बताई जा रही है। मोनू ने आरोप लगाया है कि वह अपनी बाइक से जा रहा था, तभी पीछे से विजय शाक्य नामक व्यक्ति ने उसे गोली मार दी। गोली मोनू की जांघ में लगी है, और उसकी स्थिति को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, मोनू का जांघ में ब्लैकनिंग भी पाई गई है, जो आमतौर पर बेहद करीब से गोली चलाए जाने की स्थिति में होती है। इसके अलावा, घटनास्थल पर गोली चलने की कोई आवाज भी नहीं सुनाई दी है, जबकि पास में एक मेला लगा हुआ था और म्यूजिक साउंड चल रहा था, जिससे आवाज सुनाई न दे सकने की संभावना व्यक्त की जा रही है।

मोनू उर्फ जयभान सिंह रावत मुरैना के सबलगढ़ का हिस्ट्रीशीटर है और एक हत्या के मामले में मुख्य आरोपी है। उसी हत्या के मामले में विजय शाक्य फरियादी है, जिस पर मोनू ने गोली मारने का आरोप लगाया है। पुलिस को यह संदिग्ध लग रहा है कि मोनू ने जानबूझकर विजय शाक्य को फंसाने के लिए यह साजिश की हो।

पुलिस ने बताया कि पिछले एक महीने में इस तरह के चार मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें खुद को गोली मारकर किसी और को झूठा फंसाया गया है। थाना प्रभारी ईला टंडन ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और घायल के बयान और परिस्थितियों की गहराई से जांच की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post