News Update: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन बीजेपी में शामिल, बोले- 'मेरी जासूसी होने की कभी उम्मीद नहीं की थी'

दैनिक सांध्य बन्धु रांची। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल हो गए। रांची के धुर्वा स्थित शहीद मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शिवराज सिंह चौहान और हिमंता बिस्वा सरमा ने उन्हें बीजेपी की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "चंपाई सोरेन के आने से भाजपा मजबूत होगी। टाइगर अभी जिंदा है।" 

शिवराज सिंह चौहान ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) अब केवल "पति-पत्नी और दलालों की पार्टी" बनकर रह गई है। 

चंपाई सोरेन ने बीजेपी में शामिल होने के बाद कहा, "मैं दिल का साफ हूं, मैंने कभी नहीं सोचा था मेरी जासूसी होगी। जिसने झारखंड के लिए लड़ाई लड़ी, उसके पीछे जासूस लगाया गया। उस दिन के बाद हमने फैसला लिया कि दल में जाएंगे, जनता की सेवा करेंगे।"

इससे पहले, बुधवार 28 अगस्त को चंपाई सोरेन ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने अपने फैसले को झारखंड के हित में बताते हुए कहा, "हम संघर्ष करने वाले व्यक्ति हैं, पीछे नहीं हटेंगे। पार्टी हमें जो भी दायित्व देगी, उसी हिसाब से हम काम करेंगे।"

चंपाई सोरेन के पार्टी छोड़ने के एक दिन बाद ही झारखंड कैबिनेट में नए मंत्री को जगह दी गई है। उनकी जगह रामदास सोरेन ने मंत्री पद की शपथ ली।


Post a Comment

Previous Post Next Post