दैनिक सांध्य बन्धु चंडीगढ़। हरियाणा में कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में विधानसभा चुनाव के लिए टिकट बंटवारे पर तीसरे दिन भी चर्चा जारी रही। सभी 90 विधानसभा सीटों पर चर्चा पूरी हो चुकी है, जिसमें 30 सीटों पर उम्मीदवारों का सिंगल पैनल तैयार कर लिया गया है। वहीं, 60 सीटों पर दावेदारों के नाम फाइनल कर दिए गए हैं।
शनिवार को आखिरी बैठक के बाद इस सूची को कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (CWC) को भेजा जाएगा, जिसकी बैठक 2 सितंबर को होगी। इसके बाद सितंबर के पहले हफ्ते में कांग्रेस की टिकट सूची जारी होने की संभावना है। कांग्रेस सभी 90 सीटों पर एक साथ सूची जारी कर सकती है।
विधायकों की टिकटों पर चर्चा: कांग्रेस के सूत्रों के मुताबिक, 28 विधायकों की टिकट पर अलग से चर्चा की गई, जिसमें से 16 से 18 विधायकों को दोबारा टिकट देने पर सहमति बन गई है। स्क्रीनिंग कमेटी के चेयरमैन कर्नाटक से राज्यसभा सांसद अजय माकन हैं, जबकि मणिकम टैगोर, जिग्नेश मेवानी और श्रीनिवास बीवी भी इसके सदस्य हैं।
टिकट बंटवारे के 5 फॉर्मूले:
1. सांसदों को टिकट नहीं: कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया ने बताया कि इस चुनाव में सांसदों को टिकट नहीं दी जाएगी, जिससे सिरसा सांसद कुमारी सैलजा और राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला को झटका लगा है।
2. चुनाव हारे और दागी नेताओं को टिकट नहीं: जो नेता 2 या अधिक बार चुनाव हार चुके हैं, उन्हें टिकट नहीं दी जाएगी। दागी नेताओं और जमानत जब्त कराने वाले नेताओं की भी दावेदारी खत्म की जाएगी।
3. पार्टी छोड़कर फिर शामिल हुए नाम खारिज होंगे: जो नेता कांग्रेस छोड़कर फिर से शामिल हुए हैं, उनकी दावेदारी पर विचार नहीं होगा। इससे कांग्रेस में पिछले एक साल में लौटे 20 से अधिक पूर्व विधायकों को झटका लग सकता है।
4. बिना चुनाव लड़े भी सीएम फेस हो सकता है: कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया ने कहा कि जरूरी नहीं कि चुनाव लड़ने वाला ही मुख्यमंत्री का चेहरा होगा; बिना चुनाव लड़े भी कोई नेता सीएम फेस बन सकता है।
5. विधायकों के टिकट कटने जरूरी नहीं: पार्टी ने स्पष्ट किया है कि जरूरी नहीं कि सभी मौजूदा विधायकों के टिकट काटे जाएंगे।
सिरसा सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि वह राज्य में राजनीति करना चाहती हैं और चुनाव लड़ने के लिए कांग्रेस हाईकमान से मंजूरी लेंगी। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि हरियाणा में दलित मुख्यमंत्री क्यों नहीं बन सकता।
कांग्रेस की टिकट वितरण प्रक्रिया में इन नियमों का पालन करते हुए सितंबर के पहले सप्ताह में उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी होने की संभावना है
