News Update: 14 महीने बाद पकड़ा गया बच्चा चोर, बच्चा नहीं छोड़ना चाहता किडनैपर का साथ

दैनिक सांध्य बन्धु अलीगढ़। उत्तर प्रदेश पुलिस के निलंबित हेड कांस्टेबल तनुज चाहर को जयपुर पुलिस ने अलीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। उस पर 14 माह पहले 11 महीने के मासूम बच्चे कुक्कू उर्फ कान्हा का अपहरण करने का आरोप है। जयपुर के सांगानेर सदर थाना क्षेत्र में रहने वाली पूनम चौधरी ने 14 जून 2023 को बच्चे के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोपी तनुज चाहर, पीड़िता का रिश्तेदार है। पुलिस ने 14 महीने की खोजबीन के बाद आखिरकार आरोपी को पकड़ लिया और बच्चे को उसके चंगुल से मुक्त कराया।

जब बच्चे को किडनैपर से छुड़ाकर उसके माता-पिता को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की गई, तो चौंकाने वाला दृश्य देखने को मिला। बच्चा किडनैपर के गले लगकर जोर-जोर से रोने लगा और किडनैपर को छोड़ने के लिए तैयार नहीं हुआ। बच्चे को रोता देख आरोपी तनुज चाहर की भी आंखों से आंसू छलक पड़े। पुलिस ने जैसे-तैसे बच्चे को आरोपी के गले से छुड़ाकर उसकी मां को सौंप दिया, लेकिन बच्चा लगातार रोता रहा।

गिरफ्तारी के वक्त आरोपी तनुज चाहर साधु के वेश में भगवा चोला पहनकर और दाढ़ी-मूंछ बढ़ाए हुए था। जयपुर पुलिस ने उसे अलीगढ़ में एक जाल बिछाकर पकड़ा। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल हो गया है, जिसमें बच्चा अपने किडनैपर के गले लगकर रोते हुए दिख रहा है, और आरोपी की आंखों से भी आंसू बहते देखे जा सकते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post