Jabalpur News: वन्दे भारत ट्रेन से महाप्रबंधक ने किया जबलपुर-रानी कमलापति रेलखण्ड का निरीक्षण, यात्रियों से ली सुविधाओं पर प्रतिक्रिया

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
 पश्चिम मध्य रेलवे की महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय ने 29 अगस्त 2024 को रीवा-रानी कमलापति वन्दे भारत ट्रेन से जबलपुर-रानी कमलापति रेलखण्ड का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलखण्ड पर स्थित विभिन्न स्टेशनों, समपार फाटकों, ब्रिजों के साथ-साथ ट्रेन के संरक्षा उपकरणों, यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, और कैटरिंग की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। 

महाप्रबंधक ने वन्दे भारत ट्रेन के ड्राइवर कैब में लोको पायलट और सहायक लोको पायलट के साथ संरक्षा उपकरणों और परिचालन संबंधी प्रक्रियाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रैक्शन, प्रोपल्शन सिस्टम, ब्रेक सिस्टम, ऑटोमेटिक दरवाजे, अग्निशामक यंत्र और अन्य संरक्षा उपकरणों की जांच की। साथ ही, सुरक्षा के तहत आधुनिक तकनीक प्रणाली, सीसीटीवी कैमरे, आपातकालीन टॉक-बैक इकाइयां, इंटरलॉक दरवाजे, वाहन नियंत्रण कंप्यूटर सिस्टम और इलेक्ट्रो-न्यूमैटिक ब्रेक सिस्टम को भी परखा।

महाप्रबंधक ने वन्दे भारत ट्रेन में उपलब्ध यात्री सुविधाओं, जैसे 180 डिग्री घूमने वाली सीटें, ऑन-बोर्ड वाई-फाई इंफोटेनमेंट, जीपीएस आधारित यात्री सूचना प्रणाली, एलईडी लाइटिंग, बायो वैक्यूम शौचालय, टच-फ्री सुविधाओं के साथ दिव्यांग अनुकूल सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने खानपान व्यवस्था के अंतर्गत गर्म भोजन के लिए हॉट केस, पेय पदार्थों की उपलब्धता, और मिनी पेंट्री की भी जांच की।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने वन्दे भारत ट्रेन में यात्रा कर रहे यात्रियों से संवाद कर सुविधाओं, कैटरिंग, और साफ-सफाई के बारे में उनकी प्रतिक्रिया प्राप्त की। इस निरीक्षण में प्रमुख मुख्य इंजीनियर सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post