दैनिक सांध्य बन्धु इंदौर। अरबिंदो हॉस्पिटल में मरीज से मिलने को लेकर परिजन और सिक्युरिटी गार्डों के बीच जमकर विवाद हो गया, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया। विवाद का एक वीडियो सामने आया है जिसमें सिक्युरिटी गार्डों को परिजनों के साथ मारपीट करते हुए देखा जा सकता है। इस झगड़े में एक महिला परिजन की भी पिटाई की गई।
मामला सुनीता जैन (43) नामक महिला का है, जिन्हें फेफड़ों की बीमारी के कारण 23 अगस्त को हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था। शुक्रवार शाम को उनके बेटे जितेंद्र, दामोदर, बेटी ज्योति और अन्य रिश्तेदार उनसे मिलने पहुंचे, लेकिन सिक्युरिटी गार्डों ने मिलने का समय नहीं होने का हवाला देकर उन्हें रोक दिया। परिजनों ने कहा कि मरीज की हालत ठीक नहीं है और किसी एक व्यक्ति को मिलने की अनुमति दी जाए, लेकिन गार्डों ने इससे इनकार कर दिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।
घटना के दौरान अन्य मरीजों के परिजनों ने भी वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। हंगामे के बाद हॉस्पिटल प्रबंधन ने मरीज को डिस्चार्ज कर दिया और परिजन उसे एम्बुलेंस से दूसरे हॉस्पिटल ले गए। बताया जा रहा है कि मरीज की हालत गंभीर है।
Tags
madhya pradesh
