दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मौसम की गतिविधियां फिर से सक्रिय हो गई हैं, जिससे अगले 24 घंटों के दौरान अच्छी बारिश होने की संभावना है। अब तक शहर में कुल 1037 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग ने 26 अगस्त तक गरज-चमक के साथ कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
आज सुबह से ही धूप और बादलों के बीच खींचतान जारी रही। अचानक बादल घिर आए और भादौ की पहली जोरदार बारिश शुरू हो गई, जिसने राह चलते लोगों को भीगने पर मजबूर कर दिया। बारिश इतनी तेज थी कि थोड़ी ही देर में शहर तरबतर हो गया। नगर निगम के अनुसार, 1.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, लेकिन बरसाती पानी की निकासी न होने से सड़कों पर पानी जमा हो गया।
पिछले एक सप्ताह से बारिश न होने के कारण उमस भरी गर्मी से लोग परेशान थे। तीखी धूप और नमी के कारण अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आस-पास बना हुआ है।
मौसम कार्यालय के अनुसार, वर्तमान में एक मानसून ट्रफ प्रदेश के बीकानेर, सीकर से होकर झारखंड के ऊपर बने निम्न दाब के क्षेत्र से बंगाल की खाड़ी तक फैला हुआ है। इसके अलावा, पूर्वी मध्य अरब सागर के ऊपर भी निम्न दाब का क्षेत्र सक्रिय है, जो आने वाले दिनों में मध्य प्रदेश के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों की ओर बढ़ेगा। इसके प्रभाव से 26 अगस्त तक अच्छी बारिश की संभावना है। हालांकि, इस मानसून सीजन में अब तक 1037 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है, जो पिछले वर्ष की तुलना में थोड़ी कम है।
