दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर का कुख्यात बदमाश नागराज कोरी, जिसके खिलाफ मारपीट, अवैध वसूली, और जुआ सहित कई गंभीर अपराध दर्ज हैं, को आखिरकार पुलिस ने देर रात गिरफ्तार कर लिया। लार्डगंज थाना पुलिस ने नागराज के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत सख्त कार्रवाई की है।
पिछले कुछ दिनों से पुलिस नागराज की तलाश कर रही थी, क्योंकि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर बिजली कर्मचारियों के साथ सरेराह मारपीट की थी। 24 मई 2024 को उजारपुरवा क्षेत्र में बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान नागराज ने कर्मचारियों पर हमला कर शासकीय कार्य में बाधा डाली। इस घटना के बाद से ही नागराज फरार चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह के निर्देश पर नागराज के खिलाफ एनएसए के तहत कार्रवाई की गई। जिला दंडाधिकारी जबलपुर, दीपक सक्सेना ने नागराज की आपराधिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए उसे केंद्रीय जेल में निरुद्ध कराने का आदेश दिया है। नागराज के खिलाफ जबलपुर के विभिन्न थानों में कुल 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
