Jabalpur News: रीवा-नागपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, कंटेनर की टवेरा को टक्कर से सात घायल, पांच की हालत गंभीर

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रीवा-नागपुर नेशनल हाईवे पर रविवार रात करीब 12 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक तेज रफ्तार कंटेनर ने टवेरा जीप को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक ही परिवार के सात लोग घायल हुए हैं, जिनमें से पांच की हालत नाजुक बताई जा रही है। घायलों को इलाज के लिए सिहोरा सिविल अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। 

यह हादसा सिहोरा थाना क्षेत्र के मझौली बाईपास के पास हुआ जब बरेला निवासी पटेल परिवार अस्थियां विसर्जित कर प्रयागराज से लौट रहा था। टवेरा जीप में सवार घायलों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। हादसे में घायल अहिल्या बाई लोधी, बिन्नी बाई लोधी, रामवती बाई लोधी, लक्ष्मी प्रसाद लोधी, मुन्नु लाल लोधी, सतीश कुमार लोधी, और देवेंद्र कुमार लोधी को तत्काल मेडिकल सहायता प्रदान की गई। 

घटना की जानकारी मिलते ही सिहोरा थाना प्रभारी विपिन बिहारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जबकि दो घायलों का इलाज सिहोरा अस्पताल में किया जा रहा है। 

पुलिस ने कंटेनर चालक के खिलाफ लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। घटना ने परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post