दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। केंट विधायक अशोक रोहाणी की अध्यक्षता में यातायात व्यवस्था को सुधारने और लगातार हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक सर्किट हाउस नं. 01 में आयोजित की गई। इस बैठक में यातायात संबंधी समस्याओं और उनके निराकरण के लिए विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में लिए गए मुख्य निर्णय:
1. सतपुला ओवर ब्रिज से अधारताल रोड तक यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा।
2. गोकलपुर तिराहे से रांझी तक जाम की समस्या को समाप्त करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
3. रेडी-पटरी दुकानदारों को रांझी हाकर ज़ोन में शिफ्ट किया जाएगा।
4. सदर मेन रोड पर यातायात व्यवस्था के लिए मल्टी लेवल पार्किंग विकसित की जाएगी।
5. सदर मेन में छावनी परिषद के माध्यम से गार्ड की निगरानी में पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।
6. सड़क किनारे छोटे दुकानदारों के लिए हाकर ज़ोन का निर्माण किया जाएगा।
7. भारतमाता चौराहे पर ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए स्कूलों के माध्यम से पिक एंड ड्रॉप सुविधा प्रदान की जाएगी और स्थायी वाहनों को वहां से हटाया जाएगा।
8. गोराबाजार से एकता मार्केट तक ब्रेक डिवाइडर को स्थायी डिवाइडर में परिवर्तित किया जाएगा।
इस बैठक में एस.डी.एम. रांझी श्री रघुवीर सिंह मरावी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप सेंडे, सीएसपी केंट उदयभान बागड़ी, ओमती सीएसपी प्रदीप मिश्रा, स्वास्थ्य अधिकारी छावनी परिषद बघेल, सुंदर अग्रवाल, दामोदर सोनी, आशीष राव, विभा उपाध्याय, अजय अग्रवाल, कैलाश देवानी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
