Jabalpur News: बरगी बांध में बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए खुले हुए गेटों की ऊंचाई बढ़ाई जाएगी

File Photo
दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रानी अवंति बाई लोधी सागर परियोजना के तहत बरगी बांध में बढ़ते जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए आज सोमवार, 5 अगस्त की शाम से जल निकासी की मात्रा बढ़ाई जाएगी। 

बरगी बांध का जल स्तर आज सुबह 10 बजे 421.90 मीटर रिकॉर्ड किया गया, जो कि 15 अगस्त तक निर्धारित सीमा 421 मीटर से 90 सेंटीमीटर अधिक है और बांध के पूर्ण जलभराव 422.76 मीटर से केवल 86 सेंटीमीटर कम है। कार्यपालन यंत्री अजय सूरे के अनुसार, सुबह 10 बजे की स्थिति में बांध में 6,353 क्युमेक पानी प्रवेश कर रहा था।

सूरे ने बताया कि पानी की इस आवक को देखते हुए आज शाम जल निकासी की मात्रा 1.77 लाख क्युसेक (5,031 क्युमेक) से बढ़ाकर करीब 2.12 लाख क्युसेक (6,000 क्युमेक) की जाएगी। इसके लिए वर्तमान में 2.03 मीटर तक खुले बांध के सतरह गेटों की ऊंचाई बढ़ाकर औसतन 2.44 मीटर कर दी जाएगी।

सूरे ने बताया कि बांध से पानी निकासी की मात्रा बढ़ाने से निचले क्षेत्र में नर्मदा नदी के वर्तमान जलस्तर में 2 से 3 फुट की वृद्धि हो सकती है। उन्होंने नागरिकों से नर्मदा तट से दूर रहने और डूब क्षेत्र में प्रवेश न करने का आग्रह किया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post