दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने जबलपुर में निर्माणाधीन रिंग रोड के कार्य की समीक्षा के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने बैठक में जोर देकर कहा कि रिंग रोड निर्माण की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। बैठक में एनएचएआई प्रोजेक्ट इंचार्ज अमृत लाल साहू, आरओ एनएचएआई एम टी अरतर्दे, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता एससी वर्मा, कार्यपालन यंत्री शिवेंद्र सिंह और रिंग रोड के चारों फेस के कॉन्ट्रेक्टर उपस्थित थे।
राकेश सिंह ने कहा कि जबलपुर की इस रिंग रोड को पांच फेस में बनाया जा रहा है, जिसमें से चार फेस के टेंडर अवार्ड किए जा चुके हैं और काम शुरू हो गया है। उन्होंने यह भी बताया कि रिंग रोड का निर्माण उनकी ड्रीम प्रोजेक्ट है और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने उनके आग्रह पर इसे स्वीकृति दी थी। इस परियोजना के पूरे होने पर जबलपुर का स्वरूप बदल जाएगा और यह एक बड़े महानगर के रूप में पहचान बनाएगा।
मंत्री सिंह ने इस दौरान जानकारी दी कि भारी बारिश के कारण रिंग रोड की सर्विस रोड में गड्ढे हो गए थे, जिनके सुधार का कार्य चल रहा है। अधिकारियों ने उन्हें आश्वस्त किया कि सर्विस रोड की गुणवत्ता में सुधार किया जाएगा और तय मापदंडों के अनुसार ही सड़क का निर्माण किया जाएगा।
समीक्षा बैठक में मंत्री सिंह ने निर्देश दिए कि रिंग रोड के निर्माण कार्य को तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। फेस वन के कार्य की समय सीमा मार्च 2025 निर्धारित की गई है, और एनएचएआई के अधिकारियों ने इस अवधि में कार्य पूरा होने का आश्वासन दिया। कार्य प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग और हर माह समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इस परियोजना के तहत रिंग रोड में दो लॉजिस्टिक पार्क बनाए जाएंगे और मां नर्मदा पर एक आइकॉनिक ब्रिज का निर्माण किया जाएगा, जिससे जबलपुर का यातायात सुगम होगा और शहर का विकास तेजी से आगे बढ़ेगा।
