Jabalpur News: सुभाष चंद्र बोस सेंट्रल जेल में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई जन्माष्टमी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सुभाष चंद्र बोस सेंट्रल जेल में आज सुबह से ही जन्माष्टमी की धूम रही। सभी कैदी, जेल के कर्मचारी और अधिकारी भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की तैयारी में जुटे रहे। शाम 5:00 बजे भजन संध्या के साथ जन्माष्टमी उत्सव की शुरुआत हुई, जो देर शाम 7 बजे तक चला। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ हुई, जिसमें कैदियों ने थाली, ढोल, और शंख बजाकर "नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की" के साथ आयोजन की शुरुआत की। 

इस अवसर पर कैदियों द्वारा श्रीकृष्ण के सुंदर भजन प्रस्तुत किए गए। इसके बाद मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कैदियों ने आंखों पर पट्टी बांधकर मटकी फोड़ने का आनंद लिया। इस विशेष अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पार्षद कमलेश अग्रवाल थे। जेल उपाधीक्षक मदन कमलेश ने सभी का स्वागत किया और कैदियों को पुरस्कार वितरित किए।

Post a Comment

Previous Post Next Post