दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। आगामी स्वतंत्रता दिवस को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह (भा.पु.से.) ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए व्यापक सुरक्षा चेकिंग के आदेश जारी किए हैं। बी.डी.डी.एस. (बम डिटेक्शन एंड डिस्पोज़ल स्क्वाड) टीम को भीड़भाड़ वाले स्थानों, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, और सार्वजनिक स्थलों की निगरानी के लिए तैनात किया गया है।
आदेश के अनुसार, बी.डी.डी.एस. टीम ने स्नेफर डॉग्स के साथ माननीय उच्च न्यायालय परिसर, शासकीय कार्यालय, मॉल, सिविक सेंटर, गोरखपुर मार्केट, सदर मार्केट, ग्वारीघाट, उमाघाट, रेलवे स्टेशन, दीनदयाल बस स्टैंड, और चौपाटी जैसे प्रमुख स्थलों पर चेकिंग शुरू कर दी है।
इसके अतिरिक्त, शहर और देहात के सभी थाना प्रभारियों को उनके थाना क्षेत्रों में स्थित होटलों, लॉज, धर्मशालाओं, रैन बसेरों, डेरे और किरायेदारों की सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। यह सुरक्षा कार्यवाही 15 अगस्त तक निरंतर जारी रहेगी।
पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई संदिग्ध वस्तु नजर आती है, तो उससे दूर रहें और तुरंत कंट्रोल रूम के दूरभाष क्रमांक 0761-2676100, 2676102 या डायल 100 पर सूचना दें, ताकि बी.डी.डी.एस. टीम द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जा सके।
