दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर में विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें काम करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष को सिर्फ बोलने के बजाय अपने वादों को पूरा करने पर ध्यान देना चाहिए। सिंधिया ने कांग्रेस को चुनौती दी कि वह हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS) को लागू करके दिखाए, जहां कांग्रेस की सरकार है।
सिंधिया ने विपक्ष के घोषणा पत्र में शामिल ओपीएस का उल्लेख करते हुए पूछा कि अगर वह इस योजना को लागू करने के वादे पर चुनाव जीते थे, तो अभी तक इसे लागू क्यों नहीं किया गया है। उन्होंने कहा, "भाजपा कामदारों की सरकार है, नामदारों की नहीं।"
सिंधिया ने आगामी रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव को लेकर ग्वालियर-चंबल संभाग के लिए बड़ी घोषणाओं का संकेत दिया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र दिल्ली का काउंटर मैग्नेट बन सकता है और कॉन्क्लेव इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान, सिंधिया ने ग्वालियर के कोटेश्वर और गोपाल मंदिरों में पूजा-अर्चना की। उन्होंने जन्माष्टमी के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं दीं और भगवान श्रीकृष्ण के मार्ग पर चलते हुए भारत को विश्व गुरु बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
सिंधिया ने ग्वालियर की धार्मिक परंपरा और मंदिरों के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सिंधिया रियासत काल में निर्मित इन मंदिरों के लिए बहुमूल्य आभूषण भगवान के श्रृंगार के लिए दिए गए थे, और ग्वालियर वासियों के लिए यह गर्व की बात है कि प्रशासन इस परंपरा को निभा रहा है।
