News Update: किसान आंदोलन पर कंगना के बयान से BJP नाराज़, पार्टी ने दी चेतावनी

दैनिक सांध्य बन्धु नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मंडी से भाजपा सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत द्वारा किसान आंदोलन पर दिए गए बयान से असहमति जताई है। पार्टी ने कंगना को भविष्य में नीतिगत मुद्दों पर बयान देने से बचने की सख्त हिदायत दी है।

भाजपा ने कंगना रनौत द्वारा किसान आंदोलन पर की गई टिप्पणियों से खुद को अलग कर लिया है। पार्टी ने स्पष्ट किया कि कंगना को पार्टी के नीतिगत मुद्दों पर बोलने की इजाजत नहीं है और उन्हें भविष्य में ऐसे बयान देने से बचने के निर्देश दिए गए हैं।

कंगना रनौत ने हाल ही में किसान आंदोलन पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि अगर सरकार ने कड़े कदम नहीं उठाए होते तो किसानों के विरोध से देश में बांग्लादेश जैसी स्थिति पैदा हो सकती थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अब निरस्त किए गए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान 'लाशें लटक रही थीं और बलात्कार हो रहे थे।'

भाजपा ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि कंगना का बयान पार्टी की राय नहीं है। पार्टी ने कहा कि वह 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के सिद्धांतों का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध है और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए काम कर रही है।

भाजपा ने कंगना रनौत को चेतावनी दी है कि भविष्य में नीतिगत मुद्दों पर बयान देने से पहले उन्हें पार्टी की अनुमति लेनी होगी। पार्टी ने इस मामले में अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि इस तरह के बयान भाजपा की नीतियों का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post