Jabalpur News: श्रावण मास महोत्सव में नरसिंह मंदिर में हुआ महा रुद्राभिषेक

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। श्रावण मास महोत्सव के अवसर पर नरसिंह मंदिर, शास्त्री ब्रिज में भगवान नर्मदेश्वर महादेव का महा रुद्राभिषेक एवं षोडशोपचार पूजन सम्पन्न हुआ। इस विशेष आयोजन में श्री नरसिंहपीठाधीश्वर डॉ. स्वामी नरसिंह दास जी महाराज ने भगवान शिव के आदर्शों और लोक कल्याण की भावना को महत्व दिया। उन्होंने कहा कि भगवान महादेव जैसा परमार्थी और वैरागी कोई दूसरा देव नहीं है। शिव की करुणा का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि कैसे भगवान शिव ने गंगा को अपनी जटाओं में धारण किया और लोक कल्याण के लिए उन्हें मुक्त कर दिया।

इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी केशवदासजी महाराज, डॉ. हितेश अग्रवाल, विध्येश भापकर, रामजी पुजारी, लालमणि मिश्रा, प्रवीण चतुर्वेदी, संदीप मिश्रा, हरीओम, संदीप, अमित सुनील सहित कई भक्तजन उपस्थित थे। पूजन आचार्य रामफल शास्त्री, कामता महाराज, हिमांशु, और प्रियांशु ने संपन्न कराया।

भगवान नर्मदेश्वर महादेव का शमीपत्र, आक, धतूरा, रजनीगंधा, गुलाब, गेंदा, अपराजिता, मोगरा, चंपा के फूलों और बिल्वपत्रों से विशेष श्रृंगार किया गया। श्रावण मास महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रुद्राभिषेक पूजन अर्चन होता है, जिसमें सभी भक्तों को उपस्थिति का आग्रह किया गया है। 

स्वामी नरसिंह दास जी ने लोक कल्याण के लिए शिव पूजन के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि भगवान शिव की तरह हमें भी लोक मंगल की भावना से दूसरों के लिए त्याग करना चाहिए। उनका मानना है कि प्रत्येक कार्य जो लोक कल्याण के लिए किया जाता है, वह शिव पूजन ही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post