Jabalpur News: गुणवत्ता और नागरिक सुविधा को बनाएं लक्ष्य: सांसद आशीष दुबे

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सांसद आशीष दुबे ने शुक्रवार को सर्किट हाउस में लोकनिर्माण विभाग (लोनिवि) के कार्यों, योजनाओं एवं परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने लोनिवि के मुख्य अभियंता एस.सी. वर्मा और कार्यपालन यंत्री शिवेंद्र सिंह समेत अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभाग के सभी कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।

सांसद दुबे ने बैठक में विभाग के विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा करते हुए कहा कि विभाग के कार्यों में निरंतर सुधार और वांछित संतोषजनक प्रगति को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को सड़कों और सेतुओं के रखरखाव में मानकों का पालन करने और लोकपथ एप पर नागरिकों द्वारा दर्ज समस्याओं के तत्काल समाधान का प्रयास करने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर क्षेत्र और संसदीय क्षेत्र की सड़कों की समीक्षा करते हुए दुबे ने कहा कि सड़कों की गुणवत्ता और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने विभागीय निर्माण कार्यों में नवाचार और उन्नत तकनीक के अधिकाधिक उपयोग पर जोर दिया। इसके अलावा, उन्होंने बारिश के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत और सेतुओं के नियमित निरीक्षण की आवश्यकता पर बल दिया।

सांसद दुबे ने कहा कि विकास में संतुलन बनाते हुए नागरिकों को सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारा उद्देश्य होना चाहिए, और सभी कार्यों को इसी दिशा में आगे बढ़ाना चाहिए।

Post a Comment

Previous Post Next Post