News Update: कंगना रनौत के बयान पर बवाल, कांग्रेस नेता हनुमंत राव ने दर्ज कराई शिकायत, माफी की मांग

दैनिक सांध्य बन्धु नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद और एक्ट्रेस कंगना रनौत द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर दिए गए विवादास्पद बयान ने देश की राजनीति को गरमा दिया है। कंगना ने राहुल गांधी को 'टोटल मेस' (Total Mess) बताते हुए उन पर कुर्सी का मोह होने का आरोप लगाया। इस बयान के बाद कांग्रेस नेताओं में आक्रोश फैल गया है।

तेलंगाना कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वी. हनुमंत राव ने कंगना रनौत के खिलाफ हैदराबाद के अंबरपेट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कंगना ने राहुल गांधी के लिए असंसदीय भाषा का इस्तेमाल किया और उन पर नशे की लत का आरोप लगाया। राव ने कहा कि बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा की जिम्मेदारी है कि वे कंगना को नियंत्रित करें और पार्टी को ऐसे बयानों से दूर रखें।

हनुमंत राव ने अपने बयान में कहा, "कंगना ने लोकप्रियता हासिल करने के लिए राहुल गांधी और कमजोर वर्ग के लोगों का अपमान किया है। उन्हें तुरंत माफी मांगनी चाहिए।" उन्होंने डीजीपी और कमिश्नर से भी कंगना के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

कंगना रनौत के इस बयान के बाद राजनीति में एक नई बहस छिड़ गई है और कांग्रेस पार्टी लगातार उन पर हमलावर है। वहीं, बीजेपी की ओर से अब तक इस मुद्दे पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post