दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। आयुर्वेद कॉलेज में सत्र 2024-25 की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। आयुष एडमिशन सेंट्रल काउंसलिंग कमेटी (एएसीसीसी) द्वारा आयोजित इस काउंसलिंग के पहले चरण में पंजीकृत छात्र-छात्राएं 29 अगस्त से 2 सितंबर तक अपनी मनपसंद सीटों का चयन (च्वाइस फिलिंग/लॉकिंग) कर सकते हैं। इस प्रक्रिया के तहत बीएएमएस, बीएचएमएस, बीयूएमएस, और बीएसएमएस पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा। आयुर्वेद कॉलेज में बीएएमएस की 75 सीटों में से 15 सीटें आल इंडिया कोटे के अंतर्गत आती हैं।
आयुष नीट-यूजी काउंसिलिंग के चरण
आयुष नीट-यूजी 2024 के लिए काउंसलिंग तीन चरणों में आयोजित होगी। पहला चरण 29 अगस्त से शुरू होकर 2 सितंबर तक चलेगा, जबकि दूसरे चरण का पंजीकरण 18 सितंबर से आरंभ होगा। तीसरा चरण 9 अक्टूबर से शुरू होगा। पहली आवंटन सूची 5 सितंबर को जारी की जाएगी, और आवंटित कॉलेज में प्रवेश 6 से 11 सितंबर के बीच सुनिश्चित करना होगा। इसके बाद 12 और 13 सितंबर को दस्तावेजों का सत्यापन होगा।
नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में न्यूरो सर्जरी कार्यशाला
नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में सितंबर माह में न्यूरो सर्जरी प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यशाला 25 से 29 सितंबर तक चलेगी, जिसमें दूरबीन पद्धति से मस्तिष्क और रीढ़ की समस्याओं के जटिल ऑपरेशनों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस कार्यशाला में विशेषज्ञ सर्जन की टीम सूक्ष्म चीरे के माध्यम से ऑपरेशन करेगी, जो कि निशुल्क होगा। इच्छुक मरीज न्यूरोसर्जरी ओपीडी क्रमांक-सात में पंजीकरण करा सकते हैं।
