दैनिक सांध्य बन्धु खंडवा। बोरगांव बुजुर्ग में शनिवार रात चोरों ने 20 मिनट के भीतर दो ज्वेलरी शॉप से 45 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिए। बदमाशों ने प्रकाश ज्वेलर्स और चंचल ज्वेलर्स से 30 किलो चांदी और 250 ग्राम सोना लूट लिया।
घटना इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर स्थित बोरगांव बुजुर्ग की है, जहां रात करीब 3 बजे 9 चोरों ने एक दुकान का शटर तोड़कर और दूसरी दुकान की खिड़की तोड़कर चोरी की। जाते वक्त चोरों ने दुकान के बाहर खड़ी एक बाइक भी चोरी कर ली, जिसे बाद में हाईवे पर छोड़ दिया।
पुलिस ने घटनास्थल से सीसीटीवी फुटेज और फिंगर प्रिंट के साक्ष्य जुटाए हैं। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम भी जांच में शामिल हैं। पुलिस को शक है कि इस वारदात को गुना की पारदी गैंग ने अंजाम दिया है।
यह खंडवा जिले में बीते एक हफ्ते में दूसरी बड़ी चोरी है। तीन दिन पहले दीवाल गांव में भी 20 लाख रुपए से अधिक की चोरी हुई थी। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है।
