दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। पुलिस ने एक अंतरराज्यीय मानव तस्करी रैकेट का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 20 दिन की बच्ची को भिंड और तीन साल के लड़के को उत्तर प्रदेश से सुरक्षित बरामद किया है।
इस मामले में पुलिस को आरोपियों का सुराग एक ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के माध्यम से मिला। गिरफ्तार आरोपियों में दो महिलाएं, एक किन्नर, और दो युवक शामिल हैं। प्रमुख आरोपियों में सत्यनारायण जाटव और उसकी पत्नी नीलम गोस्वामी शामिल हैं, जिन्होंने बच्चों का अपहरण किया था।
घटना की शुरुआत 19 अगस्त को हुई, जब मुरार थाने में सरोज वंशकार ने अपने 20 दिन की बच्ची और तीन साल के बेटे के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को मछली मंडी में किए गए ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से महत्वपूर्ण सुराग मिला, जिससे सत्यनारायण जाटव की पहचान हुई।
सत्यनारायण से पूछताछ के बाद पुलिस ने उत्तर प्रदेश के करहल में किन्नर शालू के पास से तीन साल के लड़के और भिंड के मकेटा गांव से पूजा शर्मा और दीपक बाल्मीकि के पास से 20 दिन की बच्ची को बरामद किया।
फिलहाल, पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बच्चों को बेचा गया था या किसी और उद्देश्य से उनका अपहरण किया गया था। सभी आरोपियों को रिमांड पर लेकर विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
