MP News: कोचिंग टीचर पर पत्नी ने दर्ज कराया केस, मारपीट और दहेज उत्पीड़न का आरोप

दैनिक सांध्य बन्धु इंदौर। कोटा के एक नामी कोचिंग टीचर प्रवीण शर्मा के खिलाफ उनकी पत्नी नेहा शर्मा ने गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कराया है। नेहा, जो वर्तमान में इंदौर के गोयल नगर में अपने मामा के घर पर रह रही हैं, ने पति पर मारपीट और दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है।

नेहा ने बताया कि उनके पति, जो पहले कोटा की एक प्रतिष्ठित कोचिंग में पढ़ाते थे, को छात्रा की शिकायत के बाद नौकरी से निकाल दिया गया था। इसके बाद प्रवीण सीकर की एक कोचिंग में पढ़ाने लगे। कोटा की नौकरी खोने के बाद प्रवीण तनाव में रहते थे और नेहा पर छात्रा के साथ समझौता करने का दबाव डालते थे। 

प्रवीण ने नेहा से मायके से पैसे लाने का भी दबाव बनाया और कहा कि वे नौकरी नहीं करेंगे और ना ही बच्चों की देखभाल करेंगे। इस बात को लेकर 22 जुलाई 2024 को दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसमें प्रवीण ने नेहा को बुरी तरह पीटा और बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया।

घटना के बाद नेहा इतनी डरी हुई थीं कि उन्होंने पहले आरके पुरम थाने में शिकायत दर्ज नहीं करवाई। कुछ दिन बाद, उन्होंने अपने मामा विनोद को घटना की जानकारी दी और इंदौर आ गईं। इंदौर में भी प्रवीण आए और फिर से विवाद कर अपने साथ कार लेकर चले गए।

पलासिया पुलिस ने नेहा की शिकायत पर प्रवीण शर्मा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, और मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post