MP News: महिला ने दहेज एक्ट के तहत पति, ससुर और सास के खिलाफ केस दर्ज कराया

दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। महिला ने अपने पति, ससुर और सास के खिलाफ दहेज एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया है। महिला ने आरोप लगाया है कि ससुराल वालों ने उसे गर्म चिमटे से दागा और दहेज के लिए प्रताड़ित किया। पुलिस ने बुधवार को इस मामले में कार्रवाई करते हुए पति अरविंद यादव, सास कैलाशीबाई और ससुर प्रताप सिंह के खिलाफ दहेज एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। प्रताप सिंह एक प्राइमरी सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं।

घटना 9 अगस्त को बहोड़ापुर थाना इलाके की है। महिला रेनू यादव (23) ने अपने भाई संजय यादव के साथ मंगलवार को जनसुनवाई में एसपी धर्मवीर सिंह भदौरिया से शिकायत की। एसपी ने मामले में त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया है।

रेनू ने बताया कि उसकी शादी 2019 में बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के अरविंद यादव से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग कर रहे थे और विरोध करने पर उसे बेरहमी से पीटा जाता था। हाल ही में 9 अगस्त को, दहेज में 5 लाख रुपए लाने की मांग को लेकर उसके शरीर पर जलते चिमटे से दागा गया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। किसी तरह से वह पड़ोसी के घर पहुंची और जानकारी अपने भाई को दी।

रेनू ने यह भी बताया कि ससुराल वालों ने मकान बनाने के लिए 5 लाख रुपए का कर्ज लिया था और उसी रकम को चुकता करने के लिए उसे परेशान किया जा रहा था। शादी के समय उसके पिता ने 5 लाख रुपए नकद, सोने की चेन, गहने, बाइक और गृहस्थी का सामान दिया था, लेकिन पति और ससुर ने पहले भी कई बार मारपीट की थी, जिसे बदनामी के डर से उसने छुपा रखा था।

रेनू के भाई संजय यादव ने बताया कि उन्होंने पहले भी ससुराल वालों को समझाने की कोशिश की थी और पंचायत भी बिठाई थी, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। सीएसपी किरण अहिरवार ने कहा कि दहेज एक्ट की धारा के तहत केस बढ़ा दिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post