मणिपुर के जिरीबाम में हिंसा, 5 की मौत: घर में घुसकर बुजुर्ग की हत्या; कुकी-मैतेई के बीच फायरिंग में 4 की जान गई

दैनिक सांध्य बन्धु इंफाल। मणिपुर में शनिवार को फिर हिंसा भड़क गई, जिसमें जिरीबाम जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में 5 लोगों की मौत हो गई। पहली घटना में संदिग्ध पहाड़ी उग्रवादियों ने एक बुजुर्ग व्यक्ति, कुलेंद्र सिंघा, को घर में घुसकर गोली मार दी। दूसरी घटना में कुकी और मैतेई समुदायों के बीच गोलीबारी हुई, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई।

इंफाल में मणिपुर राइफल्स हेडक्वार्टर पर हमला

शुक्रवार देर रात इंफाल वेस्ट और इंफाल ईस्ट में भीड़ ने मणिपुर राइफल्स हेडक्वार्टर पर हमला कर दिया। गुस्साई भीड़ ने हथियार लूटने की कोशिश की, जिसके जवाब में पुलिस और CRPF जवानों ने आंसू गैस के गोले और पैलेट गन से फायरिंग की। संघर्ष में 5 लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें JNIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

स्कूल-कॉलेज बंद, जनता कर्फ्यू का आह्वान

ताजा हिंसा के बाद राज्य में सभी स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। कमेटी ऑन मणिपुर इंटीग्रिटी (COCOMI) ने कानून-व्यवस्था लागू करने में सरकार की विफलता के विरोध में जनता कर्फ्यू का आह्वान किया है। इंफाल में सभी बाजार बंद हैं और सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है।

7 दिनों में 4 हिंसक घटनाएं, 8 की मौत

मणिपुर में 1 सितंबर से अब तक हिंसा की 4 बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें 8 लोगों की मौत हुई है। इन घटनाओं में पहली बार ड्रोन हमला भी देखा गया, जिसमें 2 लोगों की मौत और 9 लोग घायल हुए थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post