दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सिहोरा वन परिक्षेत्र के मझौली में अवैध आरा मशीन चलाने वाले फर्नीचर दुकान के मालिक गिरीश विश्वकर्मा के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। गिरीश की दुकान में अवैध रूप से लकड़ी चीरने के लिए आरा मशीन लगाई गई थी, जिसके लिए वन विभाग से अनुमति नहीं ली गई थी। शुक्रवार रात वन विभाग की टीम ने छापा मारकर दुकान को सील किया और बड़ी संख्या में लकड़ियां जब्त कीं।
शनिवार को जब रेंजर जगन्नाथ दास पटेल अपनी टीम के साथ गिरीश की दुकान पहुंचे, तो गिरीश और वन विभाग की टीम के बीच झड़प हो गई। इस दौरान रेंजर पटेल के हाथ में चोट आई और उनकी वर्दी भी फट गई। विवाद इतना बढ़ गया कि अन्य वन विभाग के कर्मचारियों को बीच-बचाव के लिए आना पड़ा।
रेंजर पटेल की शिकायत पर मझौली थाने में गिरीश विश्वकर्मा के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और मारपीट का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने गिरीश को हिरासत में ले लिया है।
गिरीश विश्वकर्मा के पास फर्नीचर बनाने का लाइसेंस था, लेकिन उसने अपनी दुकान के पीछे 5 हार्सपावर की अवैध आरा मशीन स्थापित कर रखी थी। वन विभाग को इसकी सूचना मिलने पर उन्होंने तुरंत कार्रवाई की।
