दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। 60 वर्षीय चरवाहा रघुनाथ मरावी की हत्या कर शव को घने जंगल में फेंक दिया गया। हत्यारों ने उसके हाथ-पैर-मुंह रस्सी से बांध दिए और 40 बकरियों के साथ फरार हो गए। घटना पाटन थाना क्षेत्र की है, जहां शुक्रवार सुबह से लापता रघुनाथ का शव शनिवार दोपहर को भीम्माटोला के जंगल में मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार से लापता था चरवाहा
हरदुआ गांव के निवासी रघुनाथ मरावी शुक्रवार सुबह अपनी बकरियों को लेकर जंगल की ओर गए थे। रोज शाम तक घर लौटने वाले रघुनाथ जब रात तक नहीं लौटे, तो परिवार और गांव के 70 से अधिक ग्रामीणों ने रातभर टॉर्च लेकर जंगल में उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार को भी तलाश जारी रही और दोपहर को भीम्माटोला के जंगल में उनका बंधा हुआ शव मिला।
हत्या के बाद बकरियां भी गायब
पुलिस के अनुसार, रघुनाथ का शव हरदुआ गांव से 20 किलोमीटर दूर जंगल में मिला। उनके शरीर पर चोट के निशान थे और उनके कपड़े गायब थे। हत्या के बाद हत्यारों ने उनकी 40 बकरियों को भी अपने साथ ले लिया। पुलिस ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों में दहशत
ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले कुछ समय से आसपास के गांवों से बकरियां लगातार गायब हो रही थीं, लेकिन अब हत्या जैसी घटना ने दहशत पैदा कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर पुलिस ने जल्द ही कार्रवाई नहीं की, तो भविष्य में ऐसी घटनाएं और भी हो सकती हैं।
पहले भी हुई हैं बकरी चोरी की घटनाएं
यह पहली बार नहीं है कि इस इलाके में बकरियां चोरी हुई हैं। 2020 में मझौली क्षेत्र में पहली बार बकरी चोरी की घटना सामने आई थी। हाल ही में सिहोरा में भी बकरियों की चोरी के दौरान ग्रामीणों को कुचलने की घटना हुई थी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी।
.png)