दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। प्रशासनिक कार्यों की सुगमता और बेहतर सेवा प्रदान करने के उद्देश्य से जबलपुर के कलेक्टर दीपक सक्सेना ने राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के बीच कार्य विभाजन में संशोधन कर नया आदेश जारी किया है। इस संशोधित आदेश के तहत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
संयुक्त कलेक्टर धीरेन्द्र सिंह को उप जिला निर्वाचन अधिकारी का दायित्व सौंपा गया है। यह दायित्व उन्हें निर्वाचन से संबंधित सभी महत्वपूर्ण कार्यों के संचालन के लिए दिया गया है।
संयुक्त कलेक्टर पुष्पेन्द्र अहके को जिला सरकार अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही, उन्हें कलेक्टर कार्यालय के सामान्य प्रशासन एवं वित्त प्रकोष्ठ की भी जिम्मेदारी दी गई है, जिसमें स्थापना, वित्त, विभागीय जांच, जिला नाजिर सहित विभिन्न प्रशासनिक कार्य शामिल हैं।
डिप्टी कलेक्टर कुलदीप पाराशर को जिला आपूर्ति नियंत्रक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, जिससे जिले में आपूर्ति से संबंधित कार्यों को सुचारू रूप से संचालित किया जा सके।
डिप्टी कलेक्टर श्रीमती शिवांगी जोशी को राजस्व प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिसमें भू-अभिलेख, राजस्व अभिलेखागार, और बैंक संबंधी आर.आर.सी जारी करने का कार्य शामिल है। इसके अतिरिक्त, उन्हें दाण्डिक प्रशासन की भी जिम्मेदारी दी गई है, जिसमें शस्त्र अनुज्ञा, माफिया विरोधी अभियान, आपदा प्रबंधन और नागरिक सुरक्षा शामिल हैं।
संयुक्त कलेक्टर अनुराग सिंह को सुशासन और सतर्कता प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे शिकायतों का निपटान, जनसुनवाई, समाधान ऑनलाइन और मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन के कार्यों को देखेंगे।