दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। मध्यप्रदेश में भाजपा का सदस्यता अभियान जोर-शोर से चल रहा है, जिसमें पार्टी ने 2 करोड़ नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। इस अभियान के तहत बूथ अध्यक्ष से लेकर मंत्री और विधायकों को नए सदस्य जोड़ने का टारगेट दिया गया है। मंडल अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों के लिए कम से कम 100 नए सदस्य बनाना अनिवार्य कर दिया गया है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि अब तक 48 लाख लोग मिस्ड कॉल के माध्यम से और 35 लाख लोग फॉर्म भरकर पार्टी से औपचारिक रूप से जुड़ चुके हैं। इस सदस्यता अभियान की डेली निगरानी भोपाल और दिल्ली से हो रही है।
निगम-मंडलों में नियुक्तियों की प्रक्रिया, जो पहले से चल रही थी, अब इस अभियान के कारण साल के अंत तक टाल दी गई है। सदस्यता अभियान के प्रदर्शन के आधार पर नियुक्तियों का फैसला होगा।
सदस्यता अभियान के दौरान धार में खेतों में जाकर प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने किसानों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। हालांकि, कुछ जिलों में सदस्यता अभियान की प्रगति धीमी रही है, जबकि डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के विधानसभा क्षेत्र मल्हारगढ़ में अभियान सबसे आगे है।