दैनिक सांध्य बन्धु उज्जैन। मताना क्षेत्र में मंगलवार को हुए एक दर्दनाक हादसे में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई, जबकि उसकी बहू और एक अन्य महिला घायल हो गईं। नागझिरी थाना पुलिस के अनुसार, मृतक मायाराम देवड़ा अपनी बहू ज्योति और पड़ोस में रहने वाली शिवानी को नागझिरी स्थित गारमेंट फैक्ट्री छोड़ने बाइक से जा रहे थे।
हादसा तब हुआ जब प्रेमनगर के पास एक स्ट्रीट डॉग अचानक बाइक के सामने आ गया, जिससे गाड़ी असंतुलित हो गई और तीनों लोग सड़क पर गिर गए। दुर्घटना में मायाराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बहू ज्योति और शिवानी को चोटें आईं।
राहगीरों की मदद से घायल महिलाओं को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां ज्योति की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे भर्ती कराया गया। पुलिस ने मायाराम के शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिवार के हवाले कर दिया।
