जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव: कांग्रेस ने जारी किया मेनिफेस्टो, किसानों को ₹4000, युवाओं को ₹3500 बेरोजगारी भत्ते का वादा, 370 का जिक्र नहीं

दैनिक सांध्य बन्धु श्रीनगर। कांग्रेस ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर के लिए अपना मेनिफेस्टो जारी किया। इसमें राज्य का दर्जा वापस दिलाने का वादा किया गया है, लेकिन आर्टिकल 370 का कोई उल्लेख नहीं है। मेनिफेस्टो में भूमिहीन किसानों को हर साल ₹4000 की आर्थिक मदद और युवाओं को एक साल तक ₹3500 प्रति माह बेरोजगारी भत्ता देने की घोषणा की गई है।

कांग्रेस ने युवाओं को हर महीने ₹3500 बेरोजगारी भत्ता और 1 लाख सरकारी पदों की भर्ती का वादा किया है। इसके अलावा सरकारी नौकरियों में लोकल लोगों को प्राथमिकता देने और शिक्षक भर्ती पर विशेष ध्यान देने की बात कही है।

महिला सम्मान योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की मुखिया महिला को हर महीने ₹3000 की सहायता दी जाएगी। इसके अलावा महिला स्वयं सहायता समूहों को ब्याज-मुक्त लोन और बेटियों के लिए छात्रवृत्ति योजना शुरू करने की घोषणा की गई है।

भूमिहीन किसानों को हर साल ₹4000 की आर्थिक मदद देने का वादा किया गया है। सेब की फसल के लिए न्यूनतम मूल्य ₹72 प्रति किलो तय करने की बात भी की गई है। सभी फसलों के लिए 100% बीमा और सिंचाई परियोजनाओं के लिए ₹2500 करोड़ का फंड बनाया जाएगा।

कांग्रेस ने 25 लाख रुपए तक का बीमा कवरेज और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का वादा किया है। पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने और वृद्धों, विधवाओं और विकलांगों की पेंशन बढ़ाने की योजना है।

कश्मीरी पंडितों की सुरक्षित वापसी और पुनर्वास के लिए विशेष प्रोग्राम शुरू किए जाएंगे। अल्पसंख्यक आयोग की स्थापना भी पहले 100 दिनों में की जाएगी।

कांग्रेस ने छात्रों के लिए ब्लॉक स्तर पर मॉडर्न मॉडल स्कूल बनाने का वादा किया है। ओबीसी, एससी, एसटी और अन्य वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए ठोस नीतियां बनाई जाएंगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post