MP News: NHAI कर्मचारी ने शादी का सूट पहनकर लगाई फांसी, पत्नी से अनबन के बाद उठाया कदम

अनुराग धारसिया

दैनिक सांध्य बन्धु इंदौर।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की लॉजिस्टिक मैनेजमेंट कंपनी में काम करने वाले 30 वर्षीय अनुराग धारसिया ने गुरुवार रात को सुसाइड कर लिया। सुसाइड से पहले उन्होंने शादी का सूट पहना और वीडियो भी रिकॉर्ड किए। इसके बाद उसी सूट की टाई का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। घटना के समय अनुराग अपने इंदौर स्थित घर में अकेले थे। उनके बड़े भाई ने सबसे पहले उन्हें फंदे पर झूलते देखा और अस्पताल ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

अनुराग कुछ घंटे पहले ही अपने ससुराल उज्जैन से लौटे थे। बताया जा रहा है कि उनकी पत्नी तामश्री, जो उज्जैन में रह रही थी, से अनबन चल रही थी। पत्नी की शिकायत पर उन्हें उज्जैन महिला थाने में बुलाया गया था। सुसाइड से पहले उन्होंने अपनी पत्नी को फोन कर इस घातक कदम की जानकारी दी थी, जिसके बाद पत्नी ने अपनी सहेली के जरिए अनुराग की बहन को इस बारे में आगाह किया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

अनुराग की शादी तामश्री से 21 जून 2021 को उज्जैन में हुई थी। तामश्री एक असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। मई 2023 में अनुराग के केदारनाथ यात्रा से लौटने के बाद से ही उनकी पत्नी उज्जैन में अपने मायके में रह रही थीं। अनुराग ने उन्हें कई बार वापस बुलाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। अंततः उन्होंने 25 सितंबर को पत्नी को लीगल नोटिस भेजा, जिसके बाद तामश्री ने उज्जैन महिला थाने में अनुराग के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी।

अनुराग के बड़े भाई अजय ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी तामश्री और ससुराल वालों की प्रताड़ना के चलते अनुराग तनाव में थे, जिसके कारण उन्होंने सुसाइड कर लिया। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि तामश्री का भाई गज्जू अनुराग को धमकियां दे रहा था, जिससे अनुराग मानसिक रूप से और अधिक परेशान हो गए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही तामश्री और अन्य ससुराल वालों से बयान दर्ज किए जाएंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post