दैनिक सांध्य बन्धु हैदराबाद। आंध्र प्रदेश के तिरुपति श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में लड्डू प्रसादम में मिलावट के आरोपों के बाद सोमवार को मंदिर परिसर का शुद्धिकरण किया गया। इस दौरान तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) बोर्ड के अधिकारियों और 20 पुजारियों ने पंचगव्य प्रोक्षण (शुद्धिकरण) नामक महाशांति यज्ञ में हिस्सा लिया। सुबह 6 से 10 बजे तक चले इस अनुष्ठान में लड्डू और अन्नप्रसादम की रसोई को दूध, दही और गोमूत्र से शुद्ध किया गया।
यह यज्ञ तब आयोजित किया गया जब TDP ने आरोप लगाया कि तिरुपति मंदिर में प्रसाद के रूप में दिए जाने वाले लड्डू में जानवरों की चर्बी और मछली के तेल का उपयोग किया गया था। इसके बाद राज्य सरकार ने इन आरोपों की जांच के लिए एक SIT का गठन किया।
मंदिर के मुख्य पुजारी कृष्ण शेषाचल दीक्षितुलु ने कहा कि मंदिर अब पूरी तरह शुद्ध है, और भक्त बिना किसी चिंता के भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन कर सकते हैं और प्रसाद घर ले जा सकते हैं।
इस विवाद के बाद विश्व हिंदू परिषद (VHP) और भाजपा नेताओं ने भी सुप्रीम कोर्ट में याचिकाएं दाखिल कर इस मुद्दे की जांच की मांग की।
Tags
national