दैनिक सांध्य बन्धु इंदौर। भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान को लेकर मध्य प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दावा किया है कि इंदौर-1 विधानसभा ने पूरे देश में सबसे अधिक सदस्य बनाए हैं। विजयवर्गीय के अनुसार, इंदौर-1 ने लक्ष्य से 9% ज्यादा नए सदस्य बनाते हुए 109% सफलता हासिल की है, जबकि इंदौर-5 45% नए सदस्यों के साथ सबसे पीछे है। इंदौर-1 में अब तक 91,000 से ज्यादा सदस्य बनाए जा चुके हैं, और इंदौर-2 भी इस अभियान में आगे बढ़ रहा है। इंदौर के अन्य विधानसभा क्षेत्रों को सदस्यता अभियान में अपेक्षित सफलता नहीं मिली है।
पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बैठकें लेकर पीछे चल रही विधानसभा क्षेत्रों को फटकार भी लगाई है। इंदौर सदस्यता अभियान प्रभारी सुदर्शन गुप्ता ने कहा कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में टारगेट से ज्यादा सदस्य बनाए जाएंगे।
