Jabalpur News: इस वर्ष जिले के 16 थानों को मिला आई.एस.ओ. सर्टिफिकेट

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पुलिस महानिरीक्षक जबलपुर जोन अनिल सिंह कुशवाह, पुलिस उपमहानिरीक्षक तुषार कांत विद्यार्थी और पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में जबलपुर जिले के 16 थानों को आई.एस.ओ. (ISO) सर्टिफिकेट प्रदान किया गया। यह सर्टिफिकेट थानों द्वारा जनता की शिकायतों का समय पर निराकरण, अपराधियों की गिरफ्तारी, थानों का बेहतर रखरखाव और कम्प्यूटरीकृत रिकॉर्ड के आधार पर दिया गया है।

इस सम्मान समारोह में थाना माढ़ोताल, ग्वारीघाट, बेलबाग, खितौला, गोसलपुर, बरगी, कटंगी, हनुमानताल, बरेला, गोरखपुर और गढ़ा थानों को आई.एस.ओ. सर्टिफिकेट से नवाजा गया। इससे पहले मार्च 2024 में 5 थानों – सिविल लाइंस, ओमती, लार्डगंज, मदनमहल और भेड़ाघाट – को भी यह सम्मान प्राप्त हुआ था।

आई.एस.ओ. टीम ने इन थानों का निरीक्षण कर मालखाना, रिकॉर्ड रूम, शस्त्र शाखा, लॉकअप और महिला डेस्क जैसी सुविधाओं का निरीक्षण किया। सभी थानों में इन मानकों की उत्कृष्ट व्यवस्था पाई गई, जिसके चलते इन्हें अंतरराष्ट्रीय मानकीकरण संगठन (आई.एस.ओ.) का प्रमाणपत्र दिया गया।

आई.एस.ओ. सर्टिफिकेट के लिए आवश्यक प्रमुख मानकों में व्यवहार कुशलता, सेवा का स्तर, रिकॉर्ड अपडेट रखना और सूचना का आदान-प्रदान शामिल थे। इन मानकों पर जबलपुर के पुलिस थानों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर आई.एस.ओ. अधिकारी जितेंद्र खंडेलवाल ने थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारियों को सर्टिफिकेट प्रदान किए। कार्यक्रम में कलेक्टर दीपक सक्सेना सहित पुलिस के अन्य उच्च अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post