MP News: ककड़ी खाने से भाई के बाद बहन की भी मौत, परिजनों ने मेडिकल कॉलेज में लापरवाही का आरोप लगाया

दैनिक सांध्य बन्धु रतलाम। जड़वासा कलां गांव में एक ही परिवार के 5 सदस्य ककड़ी खाने के बाद बीमार हो गए, जिसमें से 5 वर्षीय बच्चे की मौत के बाद अब 8 वर्षीय बच्ची साक्षी की भी मौत हो गई। बच्ची को इलाज के लिए वडोदरा ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने रतलाम मेडिकल कॉलेज पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है।

परिजनों के अनुसार, मंगलवार को मांगीलाल पाटीदार ने अपने परिवार के साथ मिलकर ककड़ी खाई थी, जिसके बाद सभी को उल्टियां होने लगीं। डॉक्टरों ने इलाज के बाद घर भेज दिया, लेकिन रात में तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां 5 वर्षीय क्रियांश की मौत हो गई, और बाकी को इलाज के लिए भर्ती किया गया। साक्षी की हालत बिगड़ने पर उसे वडोदरा ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि मेडिकल कॉलेज में सही से इलाज नहीं किया गया और जांचों में लापरवाही बरती गई। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और इलाज होता तो बच्ची की जान बचाई जा सकती थी।

मेडिकल कॉलेज अधीक्षक ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि बच्ची की स्थिति गंभीर थी और उसे इंदौर रेफर किया गया था। वहीं, एपिडेमियोलॉजिस्ट ने बताया कि घर के पानी और खाने के सैंपल लिए गए हैं, जिनकी रिपोर्ट आना बाकी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post