MP News: भाजपा नेता ने खुद को मारी गोली, बेडरूम में मिला शव, सुसाइड नोट में बीजेपी और रसूखदारों के नाम

दैनिक सांध्य बन्धु बैतूल, पाथाखेड़ा। भाजपा नेता रवि देशमुख (40) की लाश सोमवार सुबह उनके बेडरूम में पाई गई। पुलिस के अनुसार, उनकी मौत सिर में गोली लगने से हुई है। पुलिस को घटनास्थल से 6 पेज का सुसाइड नोट मिला है जिसमें उन्होंने अपनी परेशानी और ब्लैकमेलिंग का जिक्र किया है।

घटना के समय रवि की पत्नी और परिजन मंदिर गए थे और बेटा स्कूल के लिए निकला था। टिफिन भूल जाने के कारण बेटा घर लौटा और अपने पिता को मृत पाया।

रवि देशमुख भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष थे और हाल ही में उन्हें सदस्यता अभियान में सबसे ज्यादा सदस्य बनाने के लिए सम्मानित किया गया था।

पुलिस को मिले 6 पेज के सुसाइड नोट में कई रसूखदारों, भाजपा नेताओं और व्यापारियों के नाम लिखे हैं, जिन पर रवि ने ब्लैकमेल करने और परेशान करने का आरोप लगाया है। इस सुसाइड नोट में रवि के दोस्त अनिल खबसे का जिक्र भी है, जिसने एक महीने पहले आत्महत्या की थी।

फोरेंसिक विशेषज्ञों के अनुसार, रवि ने पलंग पर बैठकर खुद को गोली मारी। गोली सिर से निकलकर खिड़की के कांच से होते हुए गली में गिरी।

पुलिस फिलहाल मामले की गहन जांच कर रही है और सुसाइड नोट को गोपनीय रखा गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post