दैनिक सांध्य बन्धु मुरैना। जैतपुरा गांव के 21 वर्षीय भोलू गुर्जर की लाश 6 अक्टूबर को चंबल नदी के जंगल में एक पेड़ पर लटकी मिली। वह एक सप्ताह पहले घरवालों से नाराज होकर घर से भाग गया था। 2 अक्टूबर को उसके परिजनों ने सरायछोला थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
भोलू पेशे से ट्रक ड्राइवर था और अविवाहित था। किसी पारिवारिक विवाद के चलते उसने घर में गुस्से में अपना मोबाइल जमीन पर पटक दिया और घर से निकल गया। 6 अक्टूबर को उसके बड़े भाई सत्यवीर गुर्जर ने पुलिस को सूचना दी कि भोलू की लाश जंगल में पेड़ पर लटकी हुई मिली है।
सरायछोला थाना प्रभारी वीरेश कुशवाह ने बताया कि लाश करीब चार दिन पुरानी थी, जिसकी वजह से उसमें से दुर्गंध आ रही थी। इसलिए उसका पोस्टमॉर्टम ग्वालियर में कराया जा रहा है।
भोलू की मौत को लेकर पुलिस की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए जा रहे हैं। पुलिस की ओर से अभी तक आत्महत्या की वजह साफ नहीं की गई है, और यह भी पता नहीं चला है कि युवक घरवालों से किस बात पर नाराज होकर भागा था।
थाना प्रभारी ने कहा कि परिजन झगड़े का कारण नहीं बता रहे हैं, इसलिए अभी तक आत्महत्या के पीछे की वजह का खुलासा नहीं हो पाया है। मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
