दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी जबलपुर महानगर द्वारा महात्मा गांधी की जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। साथ ही, सेवा पखवाड़े के अंतर्गत स्वच्छता अभियान चलाकर बापू को श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर देश के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उनके सिद्धांतों को जीवन में उतारने का संकल्प लिया गया।
भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रभात साहू ने कहा कि महात्मा गांधी का स्वच्छ भारत का सपना आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साकार हो रहा है। सेवा पखवाड़े के समापन के रूप में चलाए गए इस स्वच्छता अभियान में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया, जिससे साफ-सफाई के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
लोकसभा सांसद आशीष दुबे ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी है, जो हमें समाज में सद्भावना और प्रगति की ओर ले जाती है। गांधी के सिद्धांतों को अपनाने से देश और प्रदेश नई ऊंचाइयों को छू सकते हैं।
इस मौके पर भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, अश्विनी परांजपे, शरद अग्रवाल समेत कई अन्य पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Tags
jabalpur